सशक न्यूज नेटवर्क
डलमऊ। सरकारी पद का रौब दिखाकर गांव में लोगों पर दबाव बनाने और कथित तौर पर अवैध वसूली करने का मामला सामने आया है। डलमऊ तहसील क्षेत्र के एक ग्रामीण ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर एक व्यक्ति पर नायब तहसीलदार के नाम का दुरुपयोग कर लोगों से पैसे वसूलने, धमकाने और मारपीट करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता ने मामले में जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायती पत्र के मुताबिक, गदागंज थाना क्षेत्र के धीरनपुर निवासी लाल बहादुर पुत्र गंगादीन ने आरोप लगाया है कि उनके गांव का एक युवक खुद को नायब तहसीलदार से जुड़ा बताकर गांव के लोगों पर रौब जमाता है। आरोप है कि वह नायब तहसीलदार के नाम पर लोगों से सरकारी काम कराने का झांसा देकर कथित रूप से पैसे की वसूली करता है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी का भाई रायबरेली में तैनात तहसीलदार की गाड़ी चलाता है। इसी का फायदा उठाकर वह गाड़ी के साथ गांव पहुंचता है और लोगों के बीच अपना प्रभाव दिखाकर दबाव बनाता है। ग्रामीण का आरोप है कि सामाजिक रूप से विरोध करने पर अनुराग ने उनके साथ मारपीट भी की और धमकी देते हुए कहा कि वे उसका कुछ नहीं बिगाड़ पाएंगे।
पीड़ित ने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या सरकारी पद और अधिकारियों के नाम का इस्तेमाल कर ग्रामीणों पर रौब गांठने के आरोपों की प्रशासन जांच कराएगा? फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और प्रशासनिक पक्ष सामने आना बाकी है।

