गांव के विद्यार्थियों को मिली डिजिटल शिक्षा की सौगात, ‘बेटू दीदी’ ने किया डिजिटल लाइब्रेरी का शुभारंभ
रायबरेली। सरेनी। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा और तकनीक से जोड़ने की दिशा में ग्राम सभा मुरारमऊ में बुधवार को एक सराहनीय पहल की गई। ब्लॉक सरेनी के ग्राम सभा मुरारमऊ में डिजिटल लाइब्रेरी का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं गीतिका द्विवेदी ‘बेटू दीदी’ ने विद्यार्थियों की मौजूदगी में फीता काटकर डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डिजिटल लाइब्रेरी ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के लिए ज्ञान और शिक्षा के नए द्वार खोलेगी। आज के डिजिटल युग में शिक्षा के साथ तकनीक का ज्ञान भी बेहद जरूरी है। ऐसी पहल विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधनों से जोड़ने के साथ उनकी प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
अपने संबोधन में गीतिका द्विवेदी ‘बेटू दीदी’ ने कहा कि उन्हें इस अत्यंत सुंदर और ज्ञानवर्धक डिजिटल लाइब्रेरी के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का अवसर मिला, यह उनके लिए प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने इस अभिनव पहल के लिए आयोजकों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए सभी को बधाई दी।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि उपलब्ध संसाधनों का भरपूर उपयोग करें और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करें। डिजिटल लाइब्रेरी ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित करने का माध्यम बनेगी।

