त्योहार पर मिलावटखोरों पर खाद्य विभाग का शिकंजा, एक क्विंटल दूषित छेना कराया नष्ट; 11 नमूने जांच को भेजे
हरचंदपुर में स्वाती स्वीट्स पर कार्रवाई, सलोन की खोया मंडी में भी खाद्य सुरक्षा टीम ने की छापेमारी
रायबरेली। दीपावली के त्योहार पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को जिले में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान हरचंदपुर में एक क्विंटल दूषित छेना नष्ट कराया गया, जबकि सलोन की खोया मंडी से खोवा के 10 नमूनों समेत कुल 11 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय मानिक चंद्र सिंह ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी कंचनलता तिवारी ने हरचंदपुर स्थित स्वाती स्वीट्स का निरीक्षण किया। इस दौरान छेना मिठाई का नमूना लिया गया। जांच में छेना दूषित पाए जाने पर करीब एक क्विंटल छेना मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
वहीं, सलोन की खोया मंडी में खाद्य सुरक्षा अधिकारी महेंद्र कुमार यादव और अभय प्रताप सिंह की टीम ने कार्रवाई करते हुए राजकुमार, अनीस, श्रीचंद कौशल, मिथिलेश, नूर मोहम्मद, जमीर, राजा, रजी मोहम्मद, सिद्धि और लतीफ के पास से खोवा के 10 नमूने एकत्र किए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
त्योहार के सीजन में मिठाइयों और खोया में मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में खलबली मच गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

