ऑक्सीजन सिलेंडर लदी पिकअप की चेचिस टूटी, केबिन में घुसे सिलेंडर; चालक समेत दो की मौत
लखनऊ-रायबरेली सीमा के पास भीषण हादसा, पिकअप के पिचके केबिन में फंसे शवों को निकालने में जुटी पुलिस
रायबरेली। लखनऊ-रायबरेली सीमा के पास शनिवार को ऑक्सीजन सिलेंडर लदी पिकअप के दुर्घटनाग्रस्त होने से चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चलते समय पिकअप की चेचिस टूटने से वाहन अनियंत्रित हो गया। इस दौरान भारी ऑक्सीजन सिलेंडर केबिन को तोड़ते हुए अंदर जा घुसे। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत होने की सूचना है।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पिकअप का केबिन बुरी तरह पिचक गया और उसमें सवार दोनों लोग फंस गए। घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। गैस कटर व अन्य उपकरणों की मदद से क्षतिग्रस्त केबिन को काटकर शवों को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
हादसे की वजह पिकअप की चेचिस टूटना बताई जा रही है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस मौके पर राहत-बचाव कार्य में जुटी है। मृतकों की पहचान और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियां अभी सामने नहीं आई हैं।

