योगी आदित्यनाथ के खिलाफ अजय राय ने दाखिल किया मानहानि का मुकदमा, मछली खाने के बयान पर कोर्ट पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष

सशक्त न्यूज नेटवर्क
लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दाखिल किया है। मंगलवार को लखनऊ जनपद न्यायालय में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आलोक वर्मा की अदालत में अजय राय की ओर से उनके अधिवक्ता संजीव पांडेय ने परिवाद प्रस्तुत किया।

मामला अयोध्या में आयोजित निषाद सम्मेलन में अजय राय के मछली खाने संबंधी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कथित बयान से जुड़ा है। अजय राय का आरोप है कि मुख्यमंत्री ने उनके बारे में बिना किसी प्रमाण के ऐसा बयान दिया, जिससे उनकी सामाजिक और मानसिक रूप से प्रताड़ना हुई तथा समाज में उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची।

राम मंदिर और हनुमानगढ़ी दर्शन के बाद निषाद सम्मेलन में पहुंचे थे
परिवाद के मुताबिक, अजय राय अयोध्या में राम जन्मभूमि और हनुमानगढ़ी के दर्शन करने गए थे। इसी दौरान राम निहाल निषाद की ओर से आयोजित निषाद सम्मेलन में भी उन्होंने हिस्सा लिया था। सम्मेलन में आयोजित मत्स्य भोज को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से अजय राय के मछली खाने संबंधी बयान दिए जाने का आरोप है।

‘कभी मांसाहार का सेवन नहीं किया’
अजय राय की ओर से दाखिल परिवाद में कहा गया है कि वह पूर्ण रूप से शाकाहारी हैं और उन्होंने कभी मांसाहार का सेवन नहीं किया। इसके बावजूद उनके बारे में मछली खाने की बात कही गई। उनका कहना है कि इस बयान से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा और वह मानसिक रूप से आहत हुए।

मानहानि से आहत होकर कोर्ट पहुंचे अजय राय
अजय राय ने अपने परिवाद में कहा है कि कथित बयान से समाज में उनकी छवि प्रभावित हुई है। इसी मानहानि से आहत होकर उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ न्यायालय में परिवाद दाखिल किया है। अब इस मामले में अदालत की आगे की कार्यवाही पर नजर रहेगी।

More From Author

You May Also Like