Categories:
ब्रेकिंग न्यूज़
रायबरेली में खून से लथपथ मिला युवक, एम्स में मौत; परिजनों ने लगाया मारपीट का आरोप
सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली: फोर्स में भर्ती की तैयारी के लिए दौड़ लगाने निकले युवक का शव जगतपुर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे पुलिया के पास खून से लथपथ हालत में मिला। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर उसे एम्स रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने अज्ञात लोगों पर मारपीट कर युवक को सड़क किनारे फेंकने का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस इसे सड़क हादसा बता रही है।
जानकारी के मुताबिक, जगतपुर थाना क्षेत्र के पूरे दीना गांव निवासी शिवा मौर्य फोर्स में भर्ती की तैयारी कर रहा था। सोमवार सुबह वह रोज की तरह दौड़ लगाने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान पूरे प्रेम सिंह गांव के पास पुलिया के नजदीक वह गंभीर रूप से घायल हालत में मिला। उसके शरीर पर चोट के निशान थे और सड़क पर खून बिखरा हुआ था।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल शिवा को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए एम्स रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर एम्स पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत के बाद परिजनों ने अज्ञात लोगों पर शिवा के साथ मारपीट करने और उसे घायल अवस्था में सड़क किनारे फेंकने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क हादसे का प्रतीत हो रहा है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। युवक की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।