Categories:
ब्रेकिंग न्यूज़
कोटेदारों के लाभांश में 35 रुपये प्रति कुंतल की बढ़ोतरी
सशक्त न्यूज नेटवर्क
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) को बड़ी सौगात देते हुए उनके लाभांश में 35 रुपये प्रति कुंतल की वृद्धि की है। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद प्रदेशभर के कोटेदारों में खुशी का माहौल है। कोटेदारों ने सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया है।
लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के तहत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि लाभांश में की गई 35 रुपये प्रति कुंतल की वृद्धि में केंद्र सरकार की ओर से 10 रुपये और राज्य सरकार की ओर से 25 रुपये शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में 25 रुपये प्रति कुंतल की अतिरिक्त वृद्धि के लिए भारत सरकार को पत्र भी भेज चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार राशन वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के साथ ही उचित दर विक्रेताओं की भूमिका को भी मजबूत कर रही है।
कोटेदारों का कहना है कि डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल से राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता आई है। ई-पॉस मशीन के माध्यम से वितरण होने से पहले जहां उपभोक्ताओं के बीच संदेह की स्थिति रहती थी, वहीं अब व्यवस्था अधिक पारदर्शी हुई है। लाभांश में बढ़ोतरी से उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ ही सम्मान भी बढ़ेगा।