सावन की दस्तक… भगवा रंग में रंगा डलमऊ, ‘हर-हर महादेव’ से गूंज उठा गंगा तट

सोनू त्रिवेदी
डलमऊ (रायबरेली)। सावन की शुरुआत के साथ ही धार्मिक नगरी डलमऊ का रंग-रूप बदलने लगा है। गंगा तट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। भगवा वस्त्र धारण किए कांवड़िए कंधों पर कांवड़ में पवित्र गंगाजल लेकर भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए प्राचीन शिवालयों की ओर बढ़ रहे हैं। ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के गगनभेदी जयघोष से पूरा नगर शिवमय हो उठा है।

गंगा घाटों से लेकर प्रमुख मार्गों तक कांवड़ यात्रियों की टोलियां नजर आने लगी हैं। शिवभक्ति के गीतों और जयघोष के बीच श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ अपनी यात्रा पूरी कर रहे हैं। भगवा परिधानों से सजी सड़कें और शिवभक्ति में डूबे श्रद्धालु डलमऊ की धार्मिक पहचान को जीवंत कर रहे हैं।

सावन के पहले सोमवार को लेकर नगर के प्रमुख शिव मंदिरों में तैयारियां तेज हो गई हैं। मंदिरों की साफ-सफाई, रंग-बिरंगी सजावट और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन भी भीड़ और यातायात को लेकर सतर्क है, जबकि विभिन्न सामाजिक संगठन कांवड़ियों के स्वागत और सेवा की तैयारियों में जुटे हैं।

सावन के पूरे माह डलमऊ में शिवभक्ति का यही रंग और गहरा होने की उम्मीद है। आने वाले दिनों में कांवड़ियों की संख्या बढ़ने के साथ धार्मिक नगरी का माहौल पूरी तरह भोलेनाथ की भक्ति में सराबोर नजर आएगा।

More From Author

You May Also Like