रायबरेली के बछरावां में अराजकतत्वों ने आंबेडकर की प्रतिमा तोड़ी, ग्रामीणों में रोष

सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली। लखनऊ प्रयागराज एनएच हाईवे के किनारे कन्नावां गांव में 1993 में चारागाह की जमीन पर संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा लगाई थी। बृहस्पतिवार रात अराजक तत्वों ने डॉक्टर बाबा साहब की प्रतिमा का सिर कलम कर गायब कर दिया।

शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने टूटी प्रतिमा देखी। यह खबर आग की तरह क्षेत्र में फैल गई। कुछ देर में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण घटना स्थल पर एकत्र हो गए। मामले की खबर ग्रामीणों ने पुलिस को दी, लेकिन पुलिस को तीन किमी दूरी तय करने में दो घंटे का समय लग गया। पुलिस के समय पर ना आने से लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। ग्रामीणों के आक्रोशित होने की खबर मिलते ही पुलिस प्रशासन के हाथ पैर फूलने लगे।

देरी से पहुंचे प्रभारी निरीक्षक ने ग्रामीणों को कार्रवाई का भरोसा दिया, लेकिन नाराज ग्रामीण धरना प्रदर्शन करने लगे। लोगों के बढ़ते रोष को देखते हुए उप जिलाधिकारी गौतम सिंह, सीओ प्रदीप कुमार घटना स्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण प्रतिमा तोड़ने वालों को गिरफ्तारी, आंबेडकर मैदान के नाम भूमि दर्ज करने, सीसीटीवी कैमरा लगाने व मैदान की चहारदीवारी बनवाने की मांग को लेकर अड़े रहे।

घटना की सूचना पर अधिवक्ताओं के अलावा राजनैतिक पार्टी के नेता व पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मांगों को पूरा करने की मांग की।

लोगों की भीड़ को बढ़ता देख प्रशासन ने शिवगढ़, महाराजगंज, हरचंदपुर सहित आसपास के थानों से पुलिस बल को बुलाया। पुलिस प्रशासन की संख्या को देखते हुए गांव की महिलाएं आगे आई और धरने पर बैठ गई। इस दौरान स्थानीय पुलिस के खिलाफ लोगों ने नारे भी लगाए।

सरकार को घेरा
सपा विधायक श्यामसुंदर भारती ने कहा कि सरकार के इशारे पर बाबा साहब की प्रतिमा को तोड़ा गया है। इस मुद्दे को सदन में भी उठाया जाएगा। पूर्व विधायक रामलाल अकेला ने कहा कि घटना में शामिल सभी आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई हो। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन को कड़े कदम उठाने चाहिए।

आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष सुभाष सोनी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि समाज में जहर घोलने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। पासी समाज के जिला अध्यक्ष देशराज पासी ने कहा कि दोषियों पर कार्रवाई न होने पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय सचिव सुशील पासी प्रशासन से दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने कहा कि अपराधियों में कानून का तनिक भी भय नहीं है। पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा सरकार की नाकामी है जो प्रतिमाओं के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के प्रत्याशी शमशेर कुमार ने भी घटना की निंदा की।

सीओ महाराजगंज प्रदीप कुमार का कहना है कि संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव आंबेडकर की संरक्षक समिति के छोटेलाल की तहरीर पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। टीमें गठित कर दी गई हैं।

उप जिलाधिकारी गौतम सिंह ने बताया कि ग्रामीणों को समझा बूझकर शांत किया गया है। बाबा साहब की प्रतिमा मंगाई गई है। जल्द ही उसे स्थापित कराया जाएगा। समिति की ओर से मिले प्रस्ताव के आधार भूमि सुरक्षित की जाएगी। सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

चार महीने पहले बन्नावां गांव में तोड़ी गई थी प्रतिमा
ग्रामीणों ने बताया कि बन्नावां गांव में चार माह पहले डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को तोड़ा गया था। पुलिस की ओर से इस मामले में कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीण रामअचल, शंकर, दीनदयाल व रामभरोसे का कहना है कि पुलिस की लापरवाही का यह नतीजा है। जल्द पुलिस अधीक्षक से मिलकर मामले की शिकायत करेगें।

More From Author

You May Also Like