अयोध्या में दिव्यांग युवक की गला काट कर हत्या करने के बाद जलाया
अयोध्या अज्ञात दिव्यांग युवक की गला काटकर हत्या कर दी गई। हत्यारों ने शव को पुआल से जला दिया। पुलिस ने अधजले शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
एसपी ग्रामीण व सीओ के अलावा सर्किल के थानों की फोर्स मौके पर मौजूद है। फोरेंसिक टीम घटनास्थल की जांच कर रही है। पुलिस शव की शिनाख्त कराने में जुटी है। पटरंगा थाना क्षेत्र के मुरादाबाद गांव में वारदात को अंजाम दिया गया है।
पटरंगा थाना क्षेत्र में शनिवार को हत्या की वारदात सामने आई। बहोरीपुर माइनर पुलिया के दक्षिण दिशा में करीब 100 मीटर दूर शत्रोहन के गन्ना के खेत के किनारे 30 वर्षीय दिव्यांग युवक की लाश मिलने से इलाके में खलबली मच गई। मृतक का गला धारदार हथियार से रेता गया है।
वह दाहिने पैर से विकलांग बताया जा रहा है। पटरंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की। एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी और सीओ रुदौली आशीष निगम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मौके से तीन लाइटर, एक घड़ी और जला हुआ मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फोरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही हत्या का खुलासा किया जाएगा। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।