Categories: हादसा

बाराबंकी में भीषण सड़क हादसा एक की मौत तीन की हालत नाजुक

बाराबंकी। कोठी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में अमर उजाला कार्यालय लखनऊ में तैनात कर्मचारी श्री राम (52) की मौत हो गई, जबकि उनके पुत्र सहित तीन लोग घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही साथियों और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।

श्री राम हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के संसारा गांव के निवासी थे। वह शुक्रवार रात अपने पुत्र और दो अन्य साथियों के साथ बाराबंकी आए थे, जहां उनके साढ़ू के यहां शादी समारोह था। रात करीब 12 बजे सभी लोग अर्टिगा कार से अपने गांव लौटने के लिए रवाना हुए।

पुलिस के मुताबिक हैदरगढ़-बाराबंकी राजमार्ग पर सादुल्लापुर गांव के समीप सामने से आ रही एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और श्री राम की मौके पर ही मौत हो गई। उनके पुत्र व अन्य दो साथी हादसे में घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद अमर उजाला कार्यालय सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश कर रही है और मामले की जांच की जा रही है।

More From Author

You May Also Like