सशक्त न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली। कालकाजी मंदिर में दर्शन के बाद घर लौट रही 17 वर्षीय किशोरी के साथ तीन युवकों ने कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर किशोरी और उसके नाबालिग दोस्त को रोका। पुलिसिया कार्रवाई का डर दिखाकर दोनों को अपने कब्जे में लिया और किशोरी के साथ दरिंदगी की। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
घटना सोमवार शाम करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है। किशोरी अपने नाबालिग दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर गई थी। दर्शन के बाद दोनों मंदिर के पीछे जंगलनुमा इलाके की तरफ चले गए। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे। उन्होंने दोनों को रोककर पूछताछ शुरू की और खुद को पुलिसकर्मी बताया।
आरोप है कि युवकों ने पुलिस का नाम लेकर दोनों को धमकाया। इसके बाद एक आरोपी ने किशोरी के दोस्त को पकड़ लिया, जबकि अन्य आरोपियों ने किशोरी के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
करीब 8:45 बजे घटना की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और किशोरी को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा। मामले में पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। जांच के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
मंदिर में दर्शन करने पहुंची किशोरी के लिए कुछ ही घंटों बाद सामने आई यह घटना राजधानी में महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है। सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि आरोपियों ने पुलिसकर्मी होने का झांसा देकर पहले भरोसे और डर का इस्तेमाल किया और फिर वारदात को अंजाम दिया।

