बदमाशों ने सराफा व्यवसायी से 15 ग्राम सोना लूटा, इलाके में हड़कंप
सशक्त न्यूज नेटवर्क
अमेठी जनपद के मोहनगंज में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब बाइक सवार बदमाशों ने सराफा व्यवसायी से 15 ग्राम सोना लूट लिया। वारदात तिलोई तहसील मुख्यालय से लगभग 100 मीटर की दूरी पर हुई। बार गांव निवासी घनश्याम (45) सुबह मोहनगंज अपनी सराफा की दुकान जा रहे थे।
तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया और धमकाकर सोना लूट लिए। घटना इतनी जल्दी हुई कि घनश्याम मदद के लिए आवाज भी नहीं लगा सके, इस बीच बदमाश भाग निकले।
सूचना पर मोहनगंज पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर आरोपियों की पहचान में जुटी है।
घटना से व्यापारियों में आक्रोश है। व्यापार मंडल ने कहा कि बढ़ती घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर रही हैं। पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।