सशक्त न्यूज नेटवर्क
अमरोहा: हसनपुर में खाकी को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक फार्म हाउस में हरियाणा की युवती से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में हसनपुर कोतवाली का दरोगा और सिपाही, सीआरपीएफ का एक इंस्पेक्टर और दिल्ली में तैनात हेड कांस्टेबल शामिल हैं। मामला सामने आने के बाद अमरोहा एसपी ने दरोगा और सिपाही को निलंबित कर दिया है।
हर
सोनीपत से शुरू हुई कहानी, हसनपुर के फार्म हाउस तक पहुंची
पुलिस के मुताबिक, हरियाणा के फतेहाबाद की रहने वाली युवती की मुलाकात सीआरपीएफ में तैनात हेड कांस्टेबल मोहित से हुई थी। आरोप है कि 21 सितंबर को सोनीपत में मिलने के बाद मोहित उसे कार से मेरठ ले गया। वहां सीआरपीएफ के इंस्पेक्टर लालाराम यादव भी कार में सवार हो गए।
इसके बाद दोनों युवती को लेकर हसनपुर पहुंचे। आरोप है कि हसनपुर कोतवाली के गेट के पास सादे कपड़ों में मौजूद दरोगा संजय तोमर भी कार में बैठ गया। सभी झूलपुरी स्थित एक फार्म हाउस पहुंचे और वहां कमरे लिए।
खाना-पीना हुआ, फिर कमरे में घुसे तीन आरोपी
पुलिस के अनुसार, कुछ देर बाद सिपाही प्रमोद कुमार खाना और शराब लेकर फार्म हाउस पहुंचा। युवती के आरोप के मुताबिक रात में खाना-पीना होने के बाद मोहित, लालाराम और दरोगा संजय तोमर उसके कमरे में जबरन घुस गए और उसके साथ दुष्कर्म किया।
इसके बाद सिपाही प्रमोद के कमरे में आने पर युवती ने उसे धक्का देकर बाहर कर दिया और कमरे को अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद उसने मोबाइल से पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने रात में ही फार्म हाउस पर पहुंचकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
थाने में तैनात दरोगा-सिपाही पर गिरी गाज
मामले की गंभीरता को देखते हुए हसनपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। एसपी लखन सिंह यादव के मुताबिक आरोपी दरोगा संजय तोमर और सिपाही प्रमोद कुमार को तत्काल निलंबित कर दिया गया है। जांच में आरोप सिद्ध होने पर दोनों के खिलाफ बर्खास्तगी तक की कार्रवाई की जाएगी।
सीआरपीएफ के दोनों आरोपियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई है।
युवती वन स्टॉप सेंटर में, जांच जारी
पीड़िता को फिलहाल अमरोहा के वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है। पुलिस चारों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में दो मुजफ्फरनगर, एक बागपत और एक राजस्थान के अलवर का रहने वाला है।

