सशक्त न्यूज नेटवर्क
बरेली: सरकारी नौकरी में पद पाने के बाद जरूरी योग्यता पूरी न कर पाना एक कर्मचारी को भारी पड़ गया। मृतक आश्रित कोटे से कनिष्ठ सहायक बने रेहान खान तीन बार हिंदी कंप्यूटर टाइपिंग टेस्ट में फेल हो गए। तीसरे और अंतिम मौके में भी निर्धारित मानक हासिल नहीं कर सके। इसके बाद प्रशासन ने उनका पद बदलते हुए उन्हें चतुर्थ श्रेणी के पद पर नियुक्त कर दिया।
रेहान खान की नियुक्ति 5 जुलाई 2021 को मृतक आश्रित के रूप में कनिष्ठ सहायक के पद पर हुई थी। नियमानुसार उन्हें हिंदी कंप्यूटर टाइपिंग टेस्ट पास करना जरूरी था। पहला टेस्ट 25 सितंबर 2023 को हुआ, लेकिन वह सफल नहीं हो सके।
इसके बाद उन्हें दूसरा अवसर दिया गया। 21 जून 2024 को हुई परीक्षा में भी रेहान निर्धारित मानक पूरा नहीं कर पाए। नियमों के तहत उन्हें तीसरा और अंतिम मौका मिला। 8 सितंबर 2026 को हुए टेस्ट में भी वह अनुत्तीर्ण रहे।
लगातार तीन अवसरों में परीक्षा पास नहीं कर पाने के बाद शासनादेश के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई। जिलाधिकारी ने 16 सितंबर 2026 को आदेश जारी कर रेहान खान को चतुर्थ श्रेणी के पद पर नियुक्त कर दिया। रेहान वर्तमान में मीरगंज तहसील में कार्यरत हैं।
दो महीने की तैयारी, फिर टाइपिंग टेस्ट
बरेली प्रशासन ने टाइपिंग टेस्ट में असफल रहे अन्य मृतक आश्रित कर्मचारियों को भी परीक्षा पास करने का अवसर दिया है। लक्ष्मी सक्सेना और राहुल कुमार को हिंदी टाइपिंग टेस्ट के लिए तीसरा और अंतिम मौका दिया गया है। वहीं संचित चौधरी को दूसरा अवसर मिलेगा। इन कर्मचारियों को टाइपिंग टेस्ट की तैयारी के लिए दो महीने का समय दिया गया है।

