सशक्त न्यूज नेटवर्क
डलमऊ (रायबरेली)। परिवार में बुजुर्ग दादा के आदेश-निर्देश को लेकर चल रही खुन्नस शनिवार दोपहर खूनी वारदात में बदल गई। घर में सो रहे 91 वर्षीय परमेश्वर यादव पर गांव के ही युवक ने फावड़े से हमला कर दिया। गंभीर हालत में जिला अस्पताल और फिर एम्स रायबरेली ले जाए गए बुजुर्ग को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर नामजद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
सोते समय फावड़े से किया हमला
पूरे भवानी मजरे रामपुर गहिरखेत निवासी परमेश्वर यादव (91) शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे घर पर सो रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव का ही सरवन यादव उर्फ रूपेश पुत्र रामशंकर वहां पहुंचा और फावड़े से परमेश्वर पर हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन आनन-फानन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डलमऊ लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया। हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल से एम्स रायबरेली भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पूछताछ में बताई खुन्नस की वजह
मृतक की बहू सुमन पत्नी जयमल की तहरीर पर डलमऊ थाने में अपराध संख्या 175/26 के तहत धारा 105 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने नामजद आरोपित रूपेश उर्फ सरवन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित ने पुलिस को बताया कि परमेश्वर उसके सगे बाबा थे और उनके आदेश-निर्देश पर परिवार चलता था। इसी बात को लेकर उसके मन में खुन्नस थी, जिसके चलते उसने हमला किया।
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में पुलिस तैनात है और मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

