विशेष संवाददाता
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी रिकॉर्ड सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएगी। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी चुनाव में कांग्रेस के साथ पार्टी का गठबंधन पहले की तरह ही कायम रहेगा।
सत्तारूढ़ दल और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर सीधा हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि राज्य को बांटने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा, “जो ताकतें आज प्रदेश को बांटने का काम कर रही हैं, वे कल देश को बांटने की कोशिश करेंगी। इस पूरी विभाजनकारी राजनीति के पीछे आरएसएस का हाथ है।” एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के साथ आने के प्रस्ताव से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि सपा का कांग्रेस के साथ जो मौजूदा गठबंधन है, वही आगे भी जारी रहेगा।
प्रदेश की कानून-व्यवस्था और रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि राज्य में बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अब तक 20 से ज्यादा भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक हो चुके हैं। सरकार जानबूझकर पेपर लीक कराती है ताकि युवाओं को पक्की नौकरी और आरक्षण न देना पड़े और आउटसोर्सिंग कंपनियों के जरिए भ्रष्टाचार किया जा सके।
चुनावी वादों का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने घोषणा की कि राज्य में सपा की सरकार बनने पर महिलाओं को प्रति वर्ष 40,000 रुपये की आर्थिक सहायता और स्वरोजगार स्थापित करने के लिए 2 लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने गायों के संरक्षण के लिए विशेष प्रबंध करने की बात भी कही। उन्होंने बताया कि पार्टी ने आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए विधानसभा की आरक्षित सीटों पर जीत दर्ज करने की ठोस रणनीति तैयार कर ली है।

