सशक्त न्यूज नेटवर्क
यूपी 112 से जुड़ा ऐसा मामला सामने आया है, जिसने महकमे में खलबली मचा दी। आरोप है कि पीआरवी वाहन में डलने वाला सरकारी डीजल चोरी कर पेट्रोल पंप पर बेचा जा रहा था। डीजल बेचने और रुपये लेते हुए पुलिसकर्मियों का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया।
कैमरे में कैद हुआ पूरा खेल
मामला दुनका चौकी क्षेत्र में चलने वाली यूपी 112 की गाड़ी से जुड़ा बताया जा रहा है। शिकायत और वायरल वीडियो के मुताबिक, पीआरवी वाहन का डीजल कथित तौर पर निकालकर पेट्रोल पंप के कर्मचारियों के जरिए बेचा जाता था। इसके बाद डीजल की बिक्री से मिलने वाली रकम भी ली जाती थी। वायरल तस्वीरों और वीडियो में हेड कांस्टेबल बृजेश कुमार, कांस्टेबल मोंटी कुमार और होमगार्ड मुकेश शर्मा कथित तौर पर पेट्रोल पंप पर डीजल बेचते और पैसे लेते नजर आ रहे हैं।
रिपोर्ट मिलते ही SSP ने किया एक्शन
मामला सामने आने के बाद शाही थाना प्रभारी ने रिपोर्ट अधिकारियों को सौंपी। रिपोर्ट के आधार पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने हेड कांस्टेबल बृजेश कुमार और कांस्टेबल मोंटी कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। दोनों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
होमगार्ड पर भी कार्रवाई की तैयारी
मामले में होमगार्ड मुकेश शर्मा का नाम भी सामने आया है। उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के लिए जिला कमांडेंट को पत्र भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि जांच में दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

