सशक्त न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली: डेट के बहाने एक युवक को कैफे बुलाकर कथित तौर पर जबरन वसूली और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती ने वॉट्सऐप पर युवक से संपर्क किया और उसे कड़कड़डूमा मेट्रो स्टेशन बुलाने के बाद आनंद विहार स्थित एक कैफे ले गई। वहां कुछ देर बैठने के बाद युवक को करीब 21 हजार रुपये का बिल थमा दिया गया। बिल का विरोध करने पर कैफे के बाउंसरों और कर्मचारियों ने उसके साथ मारपीट की।
पीड़ित के मुताबिक, दबाव बनाकर उससे 8 हजार रुपये नकद और 6 हजार रुपये यूपीआई के जरिए वसूले गए। आरोप है कि इसके बाद उसका एटीएम कार्ड और पिन भी ले लिया गया और खाते से करीब 11 हजार रुपये निकाल लिए गए। इतना ही नहीं, उसे 25 हजार रुपये और देने के लिए धमकाया गया।
वॉट्सऐप पर शुरू हुई थी बातचीत
पुलिस के अनुसार, पीड़ित से एक अज्ञात युवती ने वॉट्सऐप के जरिए संपर्क किया था। बातचीत के बाद उसने युवक को मिलने के लिए बुलाया। कड़कड़डूमा मेट्रो स्टेशन पहुंचने पर युवती उसे आनंद विहार के कैफे में ले गई। वहां पहुंचने के कुछ देर बाद ही कथित तौर पर बड़ा बिल थमा दिया गया।
युवक ने जब इतनी रकम का बिल देने से इनकार किया तो मामला बिगड़ गया। आरोप है कि कैफे के कर्मचारियों और बाउंसरों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और रुपये देने का दबाव बनाया।
पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा
शिकायत मिलने के बाद आनंद विहार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। कैफे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कैफे के बाउंसर अमन गुर्जर और कथित आयोजक मोहम्मद अरशदुल्लाह आलम को गिरफ्तार किया है। युवती समेत अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवती के जरिए लोगों को कैफे में बुलाकर बिल के नाम पर दबाव बनाया जाता था और विरोध करने पर मारपीट कर रकम वसूली जाती थी।

