Categories:
ब्रेकिंग न्यूज़
पश्चिमी विक्षोभ का असर, 21 जिलों में आंधी का ऑरेंज अलर्ट; बांदा रहा सबसे गर्म
सशक्त न्यूज नेटवर्क
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सक्रिय हुए कमजोर पश्चिमी विक्षोभ ने मौसम का मिजाज थोड़ा बदला जरूर, लेकिन गर्मी से बड़ी राहत नहीं मिल सकी। बृहस्पतिवार को प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा 21.7 मिमी बारिश गोरखपुर में हुई, जबकि बाराबंकी, सीतापुर, प्रयागराज, मेरठ और अलीगढ़ समेत कई जिलों में बूंदाबांदी हुई।
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए प्रदेश के 21 जिलों में आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 42 जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार कुछ स्थानों पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
बारिश और बादलों की आवाजाही के बावजूद तापमान में खास गिरावट नहीं आई। बांदा 42.2 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। इसके बाद वाराणसी में 42 डिग्री, झांसी में 41.9 डिग्री और बहराइच में 40.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आंधी और छिटपुट बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। हालांकि फिलहाल तापमान में किसी बड़ी गिरावट के संकेत नहीं हैं।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में आंधी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। ऐसे में लोगों को आंधी और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।