चक्रवाती तूफान मुरासु का कहर! चार राज्यों में रेड अलर्ट, 120 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, 21 उड़ानें रद्द
सशक्त न्यूज़ | नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ चार राज्यों के लिए खतरा बन गया है। आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और तमिलनाडु में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, तूफान के प्रभाव से हवाओं की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि झोंकों की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है। आंध्र प्रदेश के पांच जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात के दो नवंबर की आधी रात से तीन नवंबर की सुबह के बीच नेल्लोर और नरसापुर के बीच आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की आशंका है। इस दौरान समुद्र में ऊंची लहरें उठने और तटीय इलाकों में भारी बारिश होने का खतरा है। कृष्णा, गुंटूर, बापटला, प्रकाशम और एसपीएसआर नेल्लोर जिलों में अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
चक्रवात के असर से तेलंगाना में दो से पांच नवंबर तक कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं ओडिशा के दक्षिणी जिलों में दो से चार नवंबर तक भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। तमिलनाडु के चेन्नई और तिरुवल्लूर समेत कई जिलों में भी मौसम बिगड़ने की आशंका जताई गई है।
तूफान के खतरे को देखते हुए हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ा है। चेन्नई से 11 और विजयवाड़ा से 10 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। आंध्र प्रदेश सरकार ने 116 राहत शिविर तैयार किए हैं, जबकि आपात स्थिति से निपटने के लिए 1688 मेडिकल टीमों को तैनात किया गया है। एनडीआरएफ और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की टीमें भी मुस्तैद हैं।
प्रशासन ने तटीय और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों से समुद्र तटों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

