न्यूज़ डेस्क। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को दीपावली का पर्व अयोध्या के देवकाली वार्ड के मातगैड स्थित मलिन बस्ती में एससी समाज के साथ मनाया। इस दौरान उन्होंने बस्ती के निवासियों को रामलला के प्रसाद और दीपावली के उपहार का वितरण भी किया। मुख्यमंत्री ने मलिन बस्ती में आयोजित दीपावली उत्सव के दौरान भारत माता की जय, जय श्री राम और हनुमान जी महाराज की जय के उद्घोष के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि आज दीपावली के अवसर पर मैं अयोध्या की इस मलिन बस्ती में आया हूं। सभी बहनों और भाइयों को दीपावली की बधाई है।
प्रदेश सरकार की ओर से दीपावली के मौके पर मिष्ठान वितरण के उद्देश्य से यहां आना हुआ है।आप सभी के लिए दीपावली का पर्व मंगलमय हो। योगी ने कहा कि दीपावली के पर्व पर उत्साह और उमंग आपके बीच में निरंतर बना रहे, इसी कामना के साथ यहां आया हूं। आपका मोहल्ला बहुत साफ सुथरा है, यह अच्छी बात है।
कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर भारतवासी को स्वच्छता के प्रति आग्रही बनने का संदेश दिया है। हम यदि स्वच्छ रहेंगे, तभी स्वस्थ रहेंगे। जो पूरे नगर को साफ करते हैं, उनका मोहल्ला ही साफ न हो तो लोग स्वाभाविक रूप से प्रश्न करेंगे लेकिन आपने अपनी बस्ती को साफ रखा है, इसके लिए आप सभी को बधाई है।
कहा कि दीपावली या कोई भी पर्व त्यौहार उत्साह और उमंग का होता है। यह तब होता है जब हम मिलकर उसे मनाते हैं। यह आयोजन उसी का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने बताया कि वह हनुमानगढ़ी और रामलला के दर्शन करने के बाद यहां पहुंचे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मलिन बस्ती के परिवार के सदस्यों को रामलला का प्रसाद और दीपावली का उपहार वितरित किया।
मलिन बस्ती में आयोजित दीपावली उत्सव में मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्त, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह और महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।
