सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली। जरूरतमंद परिवारों और बच्चों की मदद के लिए पॉजिटिव वुमेन नेटवर्क सोसाइटी की ओर से संचालित देखभाल एवं सहायता केंद्र (सीएससी) में बुधवार को ‘दान उत्सव’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 45 लाभार्थियों को खाद्य सामग्री, कपड़े, बर्तन, स्कूल बैग, लंच बॉक्स, शिक्षण सामग्री समेत अन्य जरूरी सामान वितरित किया गया।
लाभार्थियों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंदों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने के साथ उनमें सम्मान और अपनत्व की भावना को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में सीएससी की परियोजना प्रबंधक नीलम पटेल, एआरटी केंद्र की प्रियंका, सम्पूर्ण सुरक्षा केंद्र के मुकेश मौर्य व डॉली वर्मा अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में परियोजना समन्वयक नीलिमा वर्मा, अभिनव जायसवाल, साधना, रेनू और विकास समेत अन्य सहयोगियों ने योगदान दिया।
सहायता सामग्री मिलने के बाद लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी नजर आई। पॉजिटिव वुमेन नेटवर्क सोसाइटी और नई राह संस्था ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी अतिथियों, कर्मचारियों और समर्थकों के प्रति आभार जताया।

