डलमऊ मेले में सुरक्षा का अभेद्य चक्र, चप्पे-चप्पे पर रहेगी खाकी की नजर
छह सेक्टर और 37 बैरियर संभालेंगे मेले की कमान, 17 घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम; वाच टावर से होगी निगरानी
सशक्त न्यूज रायबरेली:
कार्तिक पूर्णिमा पर डलमऊ में लगने वाले ऐतिहासिक प्रांतीय मेले में इस बार श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। गंगा के घाटों से लेकर मेला क्षेत्र की गलियों और प्रमुख मार्गों तक खाकी का पहरा रहेगा। भीड़ के बीच अराजक तत्वों की हरकत हो या यातायात में बाधा डालने की कोशिश, पुलिस की नजर से बचना आसान नहीं होगा। मेला क्षेत्र को छह सेक्टरों में बांटकर सुरक्षा की ऐसी घेराबंदी की गई है कि चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी मुस्तैद रहेंगे।
पुलिस की ओर से जारी विस्तृत ड्यूटी चार्ट के मुताबिक मेले में 37 बैरियर स्थापित किए जाएंगे। इनके जरिए वाहनों की आवाजाही नियंत्रित होगी। वहीं, गंगा के 17 स्नान घाटों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाटों पर वाच टावर, गोताखोर, नाव और मोटरबोट की व्यवस्था भी की गई है। घाटों पर किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए पुलिस और गोताखोरों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
तीन पालियों में चलेगी पुलिस की पहरेदारी
मेले में पुलिस ड्यूटी तीन पालियों में संचालित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक, दूसरी पाली रात नौ बजे से सुबह आठ बजे तक और तीसरी पाली सुबह सात बजे से मेला समाप्ति तक रहेगी। यानी रात के अंधेरे से लेकर सुबह की पहली किरण तक पुलिस की निगरानी जारी रहेगी। इसके अलावा मोबाइल पुलिस पार्टी, एंटी रोमियो स्क्वाड और सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
भीड़ पर नजर, वाच टावर से निगरानी
स्नान घाटों और प्रमुख स्थानों पर वाच टावर लगाए जाएंगे। पुलिसकर्मी ऊंचाई से भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखेंगे। मेले में खोया-पाया केंद्र बनाया जाएगा, ताकि बिछड़े बच्चों और परिजनों को खोजने में मदद मिल सके। सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी निगरानी की व्यवस्था की गई है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो टीम भी सक्रिय रहेगी।
जाम से निपटने को 37 बैरियर, अलग-अलग पार्किंग
मेले में वाहनों की भीड़ से जाम न लगे, इसके लिए यातायात पुलिस ने अलग-अलग मार्गों पर बैरियर और पार्किंग की व्यवस्था बनाई है। भारी वाहनों को निर्धारित मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। मुंशीगंज चौराहे से मुराईबाग चौराहे तक विशेष यातायात व्यवस्था रहेगी। चारपहिया वाहनों, बसों और दोपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। बिना अनुमति निजी वाहनों को मेला क्षेत्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।
गंगा में भीड़ बढ़ी तो नावों पर भी रहेगी नजर
गंगा स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। घाटों पर नावों के संचालन की निगरानी होगी। नावों पर क्षमता से अधिक श्रद्धालुओं को बैठाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। घाटों पर बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
क्षेत्राधिकारी गिरजा शंकर त्रिपाठी ने बताया कि मेले में शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अब देखना यह होगा कि सुरक्षा का यह व्यापक इंतजाम लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को कितनी सहजता और सुरक्षित तरीके से संभाल पाता है।

