घायल युवक के उपचार में वानर सेना की मुहिम लाई रंग, मदद के लिए बढ़े हाथ

न्यूज़ डेस्क।
रायबरेली जनपद में दुर्घटना में घायल युवक की मदद के लिए नगर के युवाओं ने इंसानियत की मिसाल पेश की। सोशल मीडिया पर शुरू की गई उनकी मुहिम अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है।

अंबारा पश्चिम गांव निवासी अमन पांडेय दो दिन पहले सेमरी गांव के पास सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हालत नाजुक होने पर उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां वे जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।

इलाज में भारी खर्च की आवश्यकता थी। इसकी जानकारी मिलने पर नगर के युवक आदित्य मिश्रा, रामकृष्ण दीक्षित, अंकुर वर्मा, आशीष, रवि सिंह, नितेश सिंह आदि की अगुवाई में युवाओं ने सोशल मीडिया के जरिए मदद की अपील की।

देखते ही देखते सैकड़ों युवाओं ने इसमें हिस्सा लिया और अपनी क्षमता अनुसार सहयोग राशि भेजनी शुरू कर दी। युवाओं की यह मानवता भरी मुहिम इतनी तेजी से फैली कि स्थानीय जनप्रतिनिधी भी आगे आए। पूर्व विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह, सुधा द्विवेदी आदि ने मदद का भरोसा दिया।

राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता दिलाने के लिए मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। उन्होंने अमन के इलाज के लिए आठ लाख छत्तीस हजार छः सौ अरसठ रुपये की आर्थिक मदद की सिफारिश की है। नगर के लोगों ने युवाओं की इस पहल की खूब सराहना की है।

More From Author

You May Also Like