रातभर गूंजते रहे सवाल-जवाब के तराने, सुबह पांच बजे तक जमा रहा कीर्तन प्रेमियों का हुजूम
सशक्त न्यूज नेटवर्क
डलमऊ। बाजपेईपुर मजरे सोंडासी स्थित मां शीतला देवी धाम परिसर में दीपावली के दूसरे दिन सोमवार को जवाबी कीर्तन का भव्य आयोजन किया गया। इसमें कमलेश्वरी कंचन और सचदेवा शरारती के बीच गीतों के माध्यम से सवाल-जवाब का रोचक मुकाबला हुआ। दोनों कीर्तनकारों ने अपनी गायकी और जवाबी अंदाज से श्रोताओं को देर रात तक बांधे रखा। मुकाबला मंगलवार सुबह पांच बजे तक चलता रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत कमलेश्वरी कंचन ने मां भगवती की वंदना ‘दो कृपया जरा सी, मैं चाहूं तुम्हें मनाना, करूं-करूं वंदन मां तुम्हारा, मेरी वंदना में आना…’ से की। इसके बाद उन्होंने सवाल के रूप में ‘देव दनुज लेकर मथा क्षीर सागर, उजागर हुई हैं कमला, वरें करुणा सागर… हिल-मिल मनाते सभी दीपावली है’ गीत प्रस्तुत किया।
इसके जवाब में सचदेवा शरारती ने मां की वंदना करते हुए ‘दो दिन का साथ नहीं है, सारी उमर का साथ, जीते-जीते हो न आज मिले जो हाथ…’ गीत सुनाया। इसके बाद उन्होंने जवाब में ‘जगमगाए चौदह भुवन, लिए पुष्पांजलि है, दीपावली जोत घर-घर जली है’ प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।
इसके बाद कटपीस के दौर में कमलेश्वरी कंचन ने सवाल किया- ‘लूट सके न कोई लुटेरा, दौलत हो तो ऐसी हो, लक्ष्मी जी भी छिपा न पाएं, कीमत हो तो ऐसी हो…’। इसका जवाब सचदेवा शरारती ने अपने अंदाज में दिया। वहीं कमलेश्वरी कंचन ने पलटवार करते हुए ‘टाल सके ना भाग्य विधाता, फितरत हो तो ऐसी हो, लूट सके न कोई लुटेरा, इज्जत हो तो ऐसी हो…’ गीत सुनाकर मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया।
दोनों कीर्तनकारों के बीच सवाल-जवाब का सिलसिला पूरी रात चलता रहा। मंगलवार सुबह पांच बजे तक श्रोता कार्यक्रम में डटे रहे और गीतों का आनंद लेते रहे। इस अवसर पर दीप प्रकाश शुक्ला ने दोनों कीर्तनकारों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में समाजसेविका सुधा द्विवेदी, दुर्गा प्रसाद शुक्ल, राजेश त्रिवेदी, विनोद बाजपेयी, बड़े शुक्ल, विजय सोनकर, मनोज तिवारी सहित बड़ी संख्या में कीर्तन प्रेमी मौजूद रहे।

