सशक्त न्यूज नेटवर्क
जगतपुर (रायबरेली)। लखनऊ-प्रयागराज मार्ग पर शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार अज्ञात कार ने बाइक सवार को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जगतपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
गुरु गजपुर गांव निवासी सचिन देव जगतपुर में दुकान चलाते हैं। शुक्रवार सुबह वह बाइक से जगतपुर जा रहे थे। अचल पब्लिक स्कूल, साईपुर के पास पहुंचते ही सामने से आ रही अज्ञात कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि सचिन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सीएचसी में चिकित्सक डॉ. लाइक अहमद ने बताया कि घायल का एक पैर फ्रैक्चर हुआ है। शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी वागीश मिश्रा ने बताया कि मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

