सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली: डीह थाना क्षेत्र के टेकारी दांदू स्थित टेकारी स्टेट के राजमहल में चोरी की सूचना से हड़कंप मच गया। राजमहल के मंदिर, सीढ़ियों और रसोईघर समेत कई स्थानों के ताले टूटे मिले। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड और एसओजी को भी बुलाया गया।
राजघराने की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में मंदिर में स्थापित मूर्ति और माला गायब होने की बात कही गई है। हालांकि, राजमहल से और क्या-क्या सामान चोरी हुआ है तथा कितने का नुकसान हुआ है, इसकी अभी पूरी तरह पुष्टि नहीं हो सकी है।
सूचना पर डीह पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राजमहल परिसर का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने टूटे तालों और आसपास के स्थानों से साक्ष्य जुटाए। वहीं, डॉग स्क्वायड ने भी परिसर में संभावित रास्तों और घटनास्थल के आसपास तलाशी ली। एसओजी टीम ने भी मामले की जानकारी जुटाई।
पुलिस के मुताबिक, राजपरिवार के सदस्यों के पहुंचने के बाद ही चोरी गए सामान और नुकसान का वास्तविक आकलन हो सकेगा। फिलहाल पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर चोरी का सुराग तलाशने में जुटी है।
तस्वीरों में देखें: टेकारी राजघराने के विरासत वाले राजमहल का प्रवेश द्वार, मौके पर पहुंची पुलिस टीम, डॉग स्क्वायड की तलाशी और जांच करते अधिकारी।

