योगी सरकार का कर्मचारियों को तोहफा: पांचवें-छठे वेतनमान वालों का बढ़ा महंगाई भत्ता, नवंबर के वेतन में मिलेगा लाभ
सशक्त न्यूज
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश के हजारों कर्मचारियों को राहत देते हुए पांचवें और छठे वेतनमान में कार्यरत कार्मिकों के महंगाई भत्ते (डीए) में बढ़ोतरी का आदेश जारी किया है। सरकार ने पांचवें वेतनमान वालों का महंगाई भत्ता 14 प्रतिशत और छठे वेतनमान वालों का सात प्रतिशत बढ़ाया है। बढ़ी हुई दर से कर्मचारियों को नवंबर माह के वेतन के साथ नकद भुगतान किया जाएगा।
सरकार के फैसले के बाद पांचवें वेतनमान में कार्यरत कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 483 प्रतिशत से बढ़कर 497 प्रतिशत हो गया है। वहीं, छठे वेतनमान में कार्यरत कर्मचारियों का डीए 262 प्रतिशत से बढ़कर 269 प्रतिशत कर दिया गया है। बढ़ी हुई दरें एक जुलाई 2026 से प्रभावी मानी जाएंगी।
जुलाई से अक्टूबर तक का एरियर पीएफ खाते में होगा जमा
शासनादेश के मुताबिक एक जुलाई से 31 अक्टूबर 2026 तक के चार महीने के महंगाई भत्ते का बकाया कर्मचारियों के भविष्य निधि (पीएफ) खाते में जमा किया जाएगा। जिन कर्मचारियों का पीएफ खाता नहीं है, उनकी बकाया धनराशि पीपीएफ खाते में जमा कराई जाएगी अथवा राष्ट्रीय बचत पत्र (एनएससी) के माध्यम से दी जाएगी।
राष्ट्रीय पेंशन योजना (एनपीएस) से जुड़े कर्मचारियों के एरियर की 10 प्रतिशत धनराशि उनके टियर-1 पेंशन खाते में जमा होगी। इसके अलावा राज्य सरकार की ओर से 14 प्रतिशत के बराबर अंशदान भी जमा किया जाएगा। शेष धनराशि के भुगतान की व्यवस्था पीपीएफ अथवा एनएससी के माध्यम से की जाएगी।
इन कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
महंगाई भत्ते में वृद्धि का लाभ प्रदेश के राज्य कर्मचारियों, सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थानों के कार्मिकों, शहरी स्थानीय निकायों के नियमित एवं पूर्णकालिक कर्मचारियों, कार्यभारित कर्मचारियों तथा यूजीसी वेतनमान में कार्यरत पदधारकों को मिलेगा।
सरकार के इस फैसले से पांचवें और छठे वेतनमान में कार्यरत करीब 25 से 30 हजार अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

