सपा-कांग्रेस में सीट बंटवारे की खींचतान के बीच अखिलेश से मिले आप और भाकपा माले के नेता, यूपी में बढ़ी सियासी हलचल
सशक्त न्यूज नेटवर्क
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही बातचीत के बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आम आदमी पार्टी (आप) और भाकपा माले के वरिष्ठ नेताओं से अलग-अलग मुलाकात की। इन मुलाकातों को विपक्षी दलों के बीच नए राजनीतिक समीकरणों और संभावित गठबंधन की कोशिशों से जोड़कर देखा जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, अखिलेश यादव ने गुरुवार को भाकपा माले के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य और शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह से मुलाकात की। दोनों बैठकों में उत्तर प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और आगामी विधानसभा चुनाव में विपक्षी एकजुटता को लेकर चर्चा हुई।
भाकपा माले महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने सोशल मीडिया पर मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश के राजनीतिक हालात पर चर्चा हुई। साथ ही इंडिया गठबंधन को मजबूत करने और चुनाव को जनता के मुद्दों से जोड़ने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया गया।
उधर, संजय सिंह ने भी अखिलेश यादव से मुलाकात को सार्थक बताया। हालांकि, दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर अभी कोई औपचारिक घोषणा नहीं हुई है।
कांग्रेस से बातचीत के लिए सपा ने बनाई सात सदस्यीय कमेटी
सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर भी गतिविधियां तेज हो गई हैं। सपा ने कांग्रेस के साथ बातचीत के लिए रामगोपाल यादव के नेतृत्व में सात सदस्यीय समिति गठित की है। समिति में पार्टी के पांच नेताओं के साथ दो डेटा विशेषज्ञ भी शामिल किए गए हैं। दोनों दलों के बीच 23 और 24 नवंबर को दिल्ली में बातचीत प्रस्तावित है।
सीटों को लेकर दोनों दलों के बीच मतभेद भी सामने आ रहे हैं। कांग्रेस की ओर से 181 सीटों की मांग किए जाने की चर्चा है, जबकि सपा इसे अधिक मान रही है। सपा सीटों के निर्धारण में 2022 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन को आधार बनाना चाहती है, वहीं कांग्रेस 2024 के चुनावी प्रदर्शन को महत्व देने की पक्षधर बताई जा रही है।
ऐसे में कांग्रेस के साथ सीटों का हिसाब तय करने के बीच अखिलेश यादव की आप और भाकपा माले नेताओं से मुलाकात ने प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। हालांकि, इन मुलाकातों के बाद किसी नए गठबंधन या सीट बंटवारे पर अंतिम फैसला सामने नहीं आया है।

