मिशन-2027: भाजपा ने चुनावी तैयारी को दी धार, 40 पर्यवेक्षक गांव-गांव परखेंगे संगठन की ताकत
सशक्त न्यूज
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अभी से चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। पार्टी ने संगठन की जमीनी स्थिति और चुनावी माहौल का आकलन करने के लिए प्रदेश में 40 पर्यवेक्षक तैनात किए हैं। ये पर्यवेक्षक गांवों में चौपाल लगाकर जनता का रुख जानने के साथ ही पार्टी की तैयारियों और कार्यकर्ताओं की सक्रियता की रिपोर्ट प्रदेश व केंद्रीय नेतृत्व को सौंपेंगे। वहीं, छह राज्यों से आए संगठन मंत्रियों ने प्रदेश के छह संगठनात्मक क्षेत्रों में मोर्चा संभाल लिया है।
भाजपा की ओर से मथुरा में 16 और 17 नवंबर को आयोजित दो दिवसीय योजना बैठक में मिशन-2027 की रणनीति तैयार की गई थी। इसी के तहत अब संगठन को बूथ से लेकर गांव तक मजबूत करने की कवायद शुरू हो गई है। पार्टी प्रत्येक दो जिलों के बीच एक पर्यवेक्षक की तैनाती कर रही है। पर्यवेक्षक जिला प्रभारियों, विधानसभा चुनाव प्रभारियों और विस्तारकों के साथ समन्वय बनाकर चुनावी गतिविधियों की निगरानी करेंगे।
दिसंबर से गांवों में लगेंगी चौपालें
भाजपा दिसंबर माह से गांवों में चौपालों के माध्यम से केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेगी। इन चौपालों में सरकार की उपलब्धियां बताने के साथ ही वर्ष 2017 से पहले और बाद की कानून व्यवस्था तथा विकास कार्यों की तस्वीर भी जनता के सामने रखी जाएगी। पार्टी का प्रयास है कि सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों और ग्रामीण मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित किया जाए।
छह क्षेत्रों में संगठन मंत्रियों ने संभाली जिम्मेदारी
चुनावी रणनीति को प्रभावी बनाने के लिए भाजपा ने छह राज्यों के संगठन मंत्रियों को प्रदेश के छह संगठनात्मक क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी है। ये क्षेत्रीय और जिला इकाइयों के साथ बैठक कर संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही विधानसभा स्तर पर पार्टी की स्थिति का आकलन किया जाएगा।
कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने पर जोर
पार्टी नेतृत्व का विशेष फोकस पुराने और नाराज कार्यकर्ताओं को फिर से सक्रिय करने पर है। इसके लिए कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनने और उनका समाधान कराने की रणनीति बनाई गई है। भाजपा को उम्मीद है कि बूथ स्तर तक संगठन की मजबूती और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाकर मिशन-2027 की राह आसान की जा सकेगी।

