सशक्त न्यूज नेटवर्क
दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर अमरोहा के गजरौला इलाके में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लद्दाख से नेपाल की ओर जा रही एक तेज रफ्तार टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में नेपाल के दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
जानकारी के अनुसार, टूरिस्ट बस लद्दाख में मजदूरी का काम खत्म कर घर लौट रहे नेपाली नागरिकों को लेकर नेपाल जा रही थी। गजरौला में हाईवे पर बस अचानक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
राहत और बचाव कार्य जारी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को इलाज के लिए पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को सूचित किया जा रहा है। हाईवे पर बाधित हुए यातायात को सुचारू कराकर पुलिस घटना के कारणों की जांच में जुट गई है।

