सशक्त न्यूज नेटवर्क
डलमऊ (रायबरेली): प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल (रजि.) के पदाधिकारियों ने डलमऊ-लालगंज मार्ग पर स्थित मुराई बाग से हटाए गए बाजार को पुनः व्यवस्थित रूप से स्थापित कराने के लिए उप जिलाधिकारी (एसडीएम) डलमऊ को एक ज्ञापन सौंपा है।
व्यापारियों ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि कुछ समय पूर्व हादसों को रोकने और यातायात व जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सड़क किनारे लगने वाले बाजार को हटा दिया था। उस दौरान लालगंज-गेगासो पुल बंद होने के कारण इस मार्ग पर भारी वाहनों और ट्रकों का आवागमन काफी बढ़ गया था।
व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष दीप नारायण साहू ने कहा कि वर्षों से दुकान लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करने वाले छोटे-बड़े व्यापारियों की आजीविका बाजार हटने से पूरी तरह प्रभावित हो गई है। व्यापार बंद होने के कारण कई व्यापारी बेरोजगारी के कगार पर आ गए हैं और उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
व्यापारियों ने आश्वासन दिया कि बाजार के कारण अब तक कोई अप्रिय घटना नहीं घटी है और व्यापारी स्वयं यातायात व्यवस्था व सुरक्षा का विशेष ध्यान रखते हैं। उन्होंने एसडीएम से स्थल का पुनः निरीक्षण कराकर, यातायात व जनसुरक्षा की समुचित व्यवस्था के साथ बाजार को पूर्व स्थान पर पुन: संचालित करने की अनुमति देने का आग्रह किया है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिलाध्यक्ष दीप नारायण साहू, विनोद कुमार साहू, आलोक लोधी (जिला मंत्री) सहित संगठन के कई पदाधिकारी व व्यापारी उपस्थित रहे।

