डलमऊ मेले के लिए रोडवेज ने कसी कमर, 54 बसों का रूट चार्ट जारी; श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी राहत
सशक्त न्यूज नेटवर्क
डलमऊ (रायबरेली)। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर डलमऊ में लगने वाले ऐतिहासिक प्रांतीय मेले को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। गंगा स्नान के लिए दूर-दराज से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने भी कमर कस ली है। श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए रोडवेज की ओर से 54 बसों का रूट चार्ट जारी किया गया है।
रायबरेली से ग्रामीण क्षेत्रों और दूसरे जिलों को भी मिलेगी बस सुविधा
परिवहन निगम की योजना के मुताबिक, 50 बसें रायबरेली से डलमऊ के अस्थायी बस स्टेशन सराय दिलावर तक संचालित होंगी। वहीं, चार बसें सराय दिलावर से मौहारी बाग के बीच शटल सेवा देंगी। इसके अलावा लालगंज से गेगासों के बीच भी चार बसों का संचालन किया जाएगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भीरा, रामपुर, सेमरौता, निसगर, भोजपुर, परशदेपुर, सलोन, धरई, मांझगांव, तिलोई, खीरो और लालगंज समेत जिले के प्रमुख ग्रामीण क्षेत्रों को बस सेवा से जोड़ा गया है। इसके साथ ही लखनऊ, कानपुर, सुल्तानपुर, अमेठी, बाराबंकी, फतेहपुर और उन्नाव से भी श्रद्धालुओं को डलमऊ पहुंचने की सुविधा मिलेगी।
चालक-परिचालकों की लगाई गई ड्यूटी
मेले के दौरान बसों का संचालन सुचारु बनाए रखने के लिए परिवहन निगम ने चालक और परिचालकों की ड्यूटी निर्धारित कर दी है। कर्मचारियों को समय से अपने निर्धारित स्थान पर पहुंचकर जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए गए हैं। रायबरेली बस स्टेशन के वरिष्ठ केंद्र प्रभारी अशोक कुमार को मेला नोडल प्रभारी बनाया गया है। डलमऊ जाने वाली बसों की चेकिंग कठघर के पास की जाएगी।
रेलवे क्रॉसिंग पर भी रहेगी सुरक्षा व्यवस्था
श्रद्धालुओं की भीड़ और वाहनों की आवाजाही को देखते हुए रेलवे विभाग ने भी विशेष इंतजाम किए हैं। 23 से 25 नवंबर तक सवैया धनी, रामचंद्रपुर, लक्ष्मणपुर, दरियापुर, मुंशीगंज, बेला भेला, जमुनापुर, मुराईबाग, डलमऊ और लालगंज समेत प्रमुख रेलवे क्रॉसिंगों पर गेटमैन के साथ अतिरिक्त कर्मचारी तैनात रहेंगे। सुरक्षा के लिए आरपीएफ की टीम भी मौजूद रहेगी।
कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य स्नान 24 नवंबर को होगा। ऐसे में तीन दिवसीय विशेष बस सेवा से लाखों श्रद्धालुओं को डलमऊ पहुंचने और स्नान के बाद घर लौटने में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।

