सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली। गांधी जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष पॉक्सो जागरूकता अभियान के तहत शुक्रवार को आचार्य द्विवेदी इंटर कॉलेज में जागरूकता शिविर लगाया गया। शिविर में छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट-2012 के प्रावधानों, उनके अधिकारों और विषम परिस्थितियों में उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी दी गई। जानकारी पाकर विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और उत्साह नजर आया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव के निर्देश और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के अनुपालन में 25 सितंबर से एक अक्टूबर तक विशेष पॉक्सो जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में आयोजित शिविर की अध्यक्षता अपर जिला जज पंचम गुणेंद्र प्रकाश और न्यायिक मजिस्ट्रेट शमवील रिजवान ने की।
अपर जिला जज ने विद्यार्थियों को जीवन की दिनचर्या, आचार-विचार और विभिन्न परिस्थितियों में व्यवहार को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने छात्र-छात्राओं को सजग रहने और किसी भी असहज अथवा विपरीत परिस्थिति में उचित कदम उठाने के लिए प्रेरित किया।
न्यायिक मजिस्ट्रेट शमवील रिजवान ने पॉक्सो एक्ट-2012 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों के संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों और उनके अधिकारों को सरल भाषा में समझाया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को कानून की जानकारी देकर उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और संवेदनशील बनाना रहा।
शिविर में प्रधानाचार्य कृष्णकांत, सहायक अध्यापक पंकज दास, रामू यादव, जितेंद्र सिंह, पारस पांडेय, विमल शंकर मिश्र, रोहित कुमार मिश्र, पूजा सिंह, प्रवक्ता राकेश कुमार श्रीवास्तव सहित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के लिपिक आलोक आशु, पराविधिक स्वयंसेवक रुचिता यादव और राजकिशोर मौजूद रहे। इस दौरान करीब 70 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

