कार्तिक पूर्णिमा मेले के लिए दुल्हन की तरह सजे डलमऊ के घाट, राम-कृष्ण की मनमोहक छवियां बनीं आकर्षण
सशक्त न्यूज रायबरेली)। कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाले ऐतिहासिक प्रांतीय मेले को भव्य और दिव्य स्वरूप देने के लिए डलमऊ को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। गंगा के घाटों से लेकर कस्बे की सड़कों तक उत्सव की छटा बिखर रही है। घाटों के किनारे भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण और साधु-संतों के चित्र आकर्षक रंगों से उकेरे गए हैं, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। वहीं नगर पंचायत की ओर से कस्बे में जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए हैं और सड़कों पर रंग-बिरंगी पताकाएं लगाई गई हैं।
मेले को यादगार बनाने के लिए नगर पंचायत की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष पंडित बृजेश दत्त गौड़ ने बताया कि गंगा स्नान के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रकाश, पेयजल और महिलाओं के वस्त्र बदलने के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था कराई गई है।
चेयरमैन प्रतिनिधि शुभम गौड़ ने बताया कि डलमऊ के प्रांतीय मेले को ऐतिहासिक बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। महोत्सव स्थल पर आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई है, जहां श्रद्धालु और मेले में आने वाले लोग अपनी पसंद की वस्तुओं की खरीदारी कर सकेंगे।
वहीं उपजिलाधिकारी श्याम मणि त्रिपाठी ने बताया कि मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए टेंट के साथ पेयजल और शौचालय की व्यवस्था भी कराई गई है। प्रशासन और नगर पंचायत की तैयारियों का उद्देश्य मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुविधाजनक और यादगार अनुभव उपलब्ध कराना है।

