दिनदहाड़े किसान की हत्या से सनसनी, खेत में मिली लाश; पुलिस के लिए पहेली बनी कत्ल की वजह

सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली। सलोन क्षेत्र के सोनबरसा गांव में रविवार को दिनदहाड़े हुई किसान की हत्या ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। पशुओं के लिए चारा काटने खेत गए किसान का शव कुछ घंटे बाद खून से लथपथ हालत में मिला। हत्यारों ने इतनी बेरहमी से हमला किया कि सिर और चेहरे पर कई गहरे घाव मिले। हैरानी की बात यह है कि अब तक न तो किसी पुरानी रंजिश का पता चला है और न ही हत्या की वजह सामने आई है।

सोनबरसा निवासी शशिधर यादव (45) रविवार दोपहर करीब दो बजे खेत पर चारा लेने निकले थे। जब देर शाम तक वह घर नहीं लौटे तो ग्रामीणों ने तलाश शुरू की। इसी दौरान खेत में उनका शव पड़ा मिला। शव के पास ही एक कुल्हाड़ी पड़ी थी, जबकि कुछ दूरी पर उनकी साइकिल मिली। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस के मुताबिक, शशिधर के सिर के पीछे, आंख के पास और शरीर के अन्य हिस्सों पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे। हमले की क्रूरता देखकर आशंका जताई जा रही है कि वारदात को एक से अधिक हमलावरों ने अंजाम दिया।

सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह, सीओ सलोन और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर उसकी कॉल डिटेल और आखिरी संपर्कों की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पत्नी प्रेमलता ने बताया कि परिवार की किसी से कोई दुश्मनी या जमीन का विवाद नहीं था। ऐसे में हत्या की वजह समझ से बाहर है। परिवार में पत्नी के अलावा बेटा अनुज और बेटी सारिका हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।

सलोन में लगातार दूसरी हत्या
शनिवार रात रग्घूपुर गांव में शिवकेश उर्फ गुड्डन पासी की हत्या का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि रविवार को किसान की हत्या ने लोगों में दहशत बढ़ा दी। लगातार दो दिनों में दो हत्याओं ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि हत्या के हर पहलू की जांच की जा रही है। स्थानीय पुलिस के साथ एसओजी टीम को भी लगाया गया है और जल्द ही घटना के खुलासे का दावा किया जा रहा है।

More From Author

You May Also Like