Categories:
ब्रेकिंग न्यूज़
रायबरेली में नवविवाहित दंपती ने उठाया खौफनाक कदम, खेत से लौटे परिजनों ने देखा तो उड़ गए होश
पानीपत में सेल्समैन था युवक, कमरे में पंखे से लटके मिले पति-पत्नी के शव; पुलिस कर रही हर पहलू की जांच
डलमऊ (रायबरेली): रायबरेली के डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के पखरामऊ गांव में सोमवार को पति-पत्नी के शव घर के कमरे में पंखे से लटके मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। खेत से धान की रोपाई कर लौटे परिजनों ने जब कमरे का दरवाजा खोला तो दोनों के शव साड़ी के सहारे फंदे पर लटके मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।
मृतकों की पहचान अभिनव कुमार (पुत्र अरुण कुमार) और उनकी पत्नी रूपाली के रूप में हुई है। दोनों पखरामऊ गांव के रहने वाले थे। परिजनों के मुताबिक परिवार के सदस्य घर से करीब 150 मीटर दूर खेत में धान की रोपाई कर रहे थे। कुछ देर बाद अभिनव और रूपाली घर लौट आए। जब बाकी लोग खेत से वापस पहुंचे तो कमरे के अंदर दोनों के शव फंदे से लटके मिले।
परिजनों ने बताया कि अभिनव हरियाणा के पानीपत में सेल्समैन के रूप में काम करता था। परिवार में माता-पिता, दो भाई और एक बहन हैं। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों के बीच पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद की चर्चा है, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जाएगी।