भारत-अमेरिका FTA के विरोध में दिल्ली पहुंचे पंजाब के किसान, किसान घाट पर महापंचायत की तैयारी

सशक्त न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली/जालंधर: राजधानी दिल्ली में जहां एक ओर नीट परीक्षा पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन जारी है, वहीं दूसरी ओर पंजाब के किसानों ने भी अपनी मांगों को लेकर दिल्ली कूच कर दिया है। किसान घाट पर महापंचायत की तैयारी की गई है, जिसमें बड़ी संख्या में किसान संगठनों के शामिल होने का दावा किया जा रहा है।

किसान मजदूर संघर्ष समिति के नेता और ‘देश बचाओ मोर्चा’ के संयोजक सरवन सिंह पंधेर की अगुवाई में किसानों का जत्था पंजाब से दिल्ली के लिए रवाना हुआ। किसानों का कहना है कि करीब 550 यूनियनें इस आंदोलन का समर्थन कर रही हैं और किसान घाट पर एक दिवसीय रैली आयोजित की जाएगी।

जालंधर में सोमवार को सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के विरोध में ‘देश बचाओ मोर्चा’ ने किसान घाट पर एक दिन की रैली का आह्वान किया है। उनका आरोप है कि केंद्र सरकार ने इस समझौते को लेकर किसानों समेत किसी भी हितधारक से कोई चर्चा नहीं की।

पंधेर ने कहा कि यदि सरकार किसानों की चिंताओं को नजरअंदाज कर आगे बढ़ती है तो इसका असर देश के कृषि क्षेत्र पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि किसान अपनी आवाज बुलंद करने के लिए दिल्ली पहुंचे हैं और सरकार से इस मुद्दे पर खुली बातचीत की मांग करेंगे।
दिल्ली पुलिस और प्रशासन ने किसानों के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। किसान घाट और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

More From Author

You May Also Like