Categories:
ब्रेकिंग न्यूज़
‘मैं IAS हूं…’ कहकर रचाई शादी, 15 दिन बाद पति से मांगे 40 लाख; बरेली की फर्जी अफसर दुल्हन गिरफ्तार
खुद को IAS अधिकारी बताकर युवक को जाल में फंसाया, पैसे नहीं मिलने पर ब्लैकमेलिंग शुरू की, जांच में खुली पोल
सशक्त न्यूज नेटवर्क
बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली से रिश्तों में धोखाधड़ी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने खुद को IAS अधिकारी बताकर युवक से शादी रचा ली। शादी के महज 15 दिन बाद उसने पति से 40 लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। रकम नहीं मिलने पर ब्लैकमेल और धमकियां देने लगी। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच की तो महिला की पूरी कहानी फर्जी निकली। इसके बाद उसे बदायूं से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, फरीदपुर थाना क्षेत्र के पचोमी गांव की रहने वाली साधना ने खुद को IAS अधिकारी बताकर अभिषेक नाम के युवक और उसके परिवार का भरोसा जीत लिया। सरकारी अफसर होने का रौब दिखाकर उसने शादी कर ली। परिवार को लंबे समय तक उसकी बातों पर कोई शक नहीं हुआ।
शादी के कुछ ही दिन बाद साधना ने अपना असली खेल शुरू कर दिया। उसने पति अभिषेक से 40 लाख रुपये की मांग की। आरोप है कि पैसे देने से इनकार करने पर वह लगातार दबाव बनाने लगी और ब्लैकमेल करने लगी। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ा तो उसके IAS अधिकारी होने के दावे पर भी सवाल उठने लगे।
संदेह होने पर अभिषेक ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की। जांच में सामने आया कि साधना IAS अधिकारी नहीं है और उसने झूठी पहचान के आधार पर शादी की थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को पड़ोसी जिले बदायूं से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि साधना ने इसी तरह और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।