Categories:
ब्रेकिंग न्यूज़
डॉक्टर की गिरफ्तारी पर उबला गुस्सा’, रायबरेली की सड़कों पर उतरे चिकित्सक, शहीद चौक पर जोरदार प्रदर्शन
सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली: डॉक्टर अमित सिंह की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को जिले के चिकित्सकों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के बैनर तले बड़ी संख्या में डॉक्टरों ने शहीद चौक पर प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान डॉक्टरों ने गिरफ्तारी को जल्दबाजी में उठाया गया कदम बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
मामला एक मासूम की इलाज के दौरान हुई मौत से जुड़ा है। इस प्रकरण में पुलिस ने दो डॉक्टरों समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और डॉ. अमित सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद जिले के चिकित्सकों में नाराजगी बढ़ गई है।
प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों का कहना था कि बिना विशेषज्ञों की राय और निष्पक्ष जांच के किसी चिकित्सक को गिरफ्तार करना न्यायसंगत नहीं है। उनका आरोप है कि इस तरह की कार्रवाई से डॉक्टरों का मनोबल टूटेगा और चिकित्सक भय के माहौल में काम करने को मजबूर होंगे।
आईएमए पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जल्दबाजी में की गई कार्रवाई पर पुनर्विचार किया जाए। डॉक्टरों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान शहीद चौक पर काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।