Categories:
ब्रेकिंग न्यूज़
शव रखकर प्रदर्शन, पुलिस पर पथराव; 5 नामजद समेत 250 अज्ञात पर केस
सशक्त न्यूज नेटवर्क
सलोन (रायबरेली): सलोन कोतवाली क्षेत्र के खम्हरिया पूरे कुशल गांव में सड़क हादसे में घायल अधेड़ की इलाज के दौरान मौत के बाद सोमवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। परिजनों और ग्रामीणों ने शव को रायबरेली-प्रतापगढ़ मार्ग पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के चलते मार्ग पर कई घंटे तक जाम लगा रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुई पत्थरबाजी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पथराव में कई पुलिसकर्मी और राहगीर घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात पर काबू पाया। काफी मशक्कत और ग्रामीणों को समझाने-बुझाने के बाद जाम समाप्त कराया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस के अनुसार, मृतक कुछ दिन पहले बुलेट मोटरसाइकिल की टक्कर में गंभीर रूप से घायल हुआ था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। मामले को लेकर सड़क जाम और प्रदर्शन किया गया, जो बाद में हिंसक हो गया।
घटना के संबंध में सलोन कोतवाली पुलिस ने आजाद सिंह समेत पांच नामजद और 200 से 250 अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, बलवा, पथराव और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस घटनास्थल के वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात है और पूरे मामले की जांच जारी है।