Categories:
ब्रेकिंग न्यूज़
दिनदहाड़े बीईओ की कार रोककर जानलेवा हमला, शिक्षक समेत लाठी-डंडों से पीटा
सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली। जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए दिनदहाड़े खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) और एक शिक्षक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। कार सवार बदमाशों ने बीईओ की गाड़ी रोककर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। हमले में बीईओ और शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, बछरावां थाना क्षेत्र के पश्चिम गांव के पास खंड शिक्षा अधिकारी मुकेश कुमार अपनी कार से जा रहे थे। इसी दौरान कार सवार बदमाशों ने उनकी गाड़ी रोक ली और अचानक लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बदमाशों ने कार के अंदर घुसकर बीईओ और उनके साथ मौजूद शिक्षक की बेरहमी से पिटाई की।
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना से शिक्षा विभाग के अधिकारियों और शिक्षकों में आक्रोश है।
पुलिस का कहना है कि हमलावरों की तलाश की जा रही है। घटना के पीछे की वजह की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।