Categories:
ब्रेकिंग न्यूज़
मानवता शर्मसार: जिला अस्पताल में मानसिक रोगी को महिला स्वास्थ्यकर्मी ने मारी लात, वीडियो वायरल
सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली। जिला अस्पताल में मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में महिला स्वास्थ्यकर्मी मानसिक रूप से बीमार और असहाय व्यक्ति को लात मारते हुए तथा अभद्र भाषा का प्रयोग करती नजर आ रही है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठने लगी है।
वायरल वीडियो में अस्पताल परिसर में एक मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति जमीन पर बैठा दिखाई दे रहा है। इसी दौरान सफेद ड्रेस पहने महिला स्वास्थ्यकर्मी उसके पास पहुंचती है और उसे लात मारते हुए गालियां देने लगती है। आसपास मौजूद लोग घटना देखते रहे, लेकिन किसी ने भी हस्तक्षेप नहीं किया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि अस्पताल वह स्थान है, जहां मरीजों और जरूरतमंदों के साथ संवेदनशील व्यवहार होना चाहिए, लेकिन यहां एक बेबस मानसिक रोगी के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। लोगों ने दोषी स्वास्थ्यकर्मी के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की मांग की है।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है। प्रथम दृष्टया मामला गंभीर प्रतीत हो रहा है। महिला स्वास्थ्यकर्मी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
(नोट: वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी है।)