Categories:
ब्रेकिंग न्यूज़
भव्य गंगा आरती में उमड़ी आस्था, प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने की मां गंगा की पूजा
सशक्त न्यूज नेटवर्क
सोनू त्रिवेदी (रायबरेली): ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर सोमवार देर शाम डलमऊ के वीआईपी गंगा घाट पर काशी की तर्ज पर भव्य गंगा आरती का आयोजन हुआ। दीपों की जगमगाहट, शंखनाद और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने मां गंगा की आरती कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। आरती के दौरान पूरा घाट श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से गुलजार रहा।
कार्यक्रम में सनातन धर्म पीठ बड़ा मठ के महामंडलेश्वर स्वामी देवेंद्रानंद गिरि के सान्निध्य में वैदिक विधि-विधान से गंगा पूजन और आरती संपन्न हुई। जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, पुलिस अधीक्षक, नगर पंचायत अध्यक्ष पंडित बृजेश दत्त गौड़ सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी भी आरती में शामिल हुए।
गंगा आरती के बाद प्रभारी मंत्री ने गंगा की सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे नाविकों एवं गोताखोरों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और आस्था की पहचान हैं। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बनते हैं।
इस अवसर पर डीएफओ प्रखर मिश्रा, जिला गंगा समिति के संजय कुमार, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सिकंदरा आदित्य, शुभम गौड़, अनूप कुमार तिवारी, सोहराब अली, ओम नारायण गुप्ता, पुरुषोत्तम शुक्ल सहित वन विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।