Categories:
ब्रेकिंग न्यूज़
डलमऊ के वीआईपी गंगा घाट पर सोमवार को होगी भव्य गंगा आरती
सशक्त न्यूज नेटवर्क
डलमऊ: ज्येष्ठ माह की अंतिम पूर्णिमा पर सोमवार को डलमऊ के वीआईपी गंगा घाट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी के निर्देशन एवं प्रभागीय निदेशक प्रखर मिश्र के संरक्षण में जिला गंगा समिति, रायबरेली की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में गंगा स्वच्छता, निर्मलता और अविरलता का संदेश दिया जाएगा।
जिला परियोजना अधिकारी, नमामि गंगे ने बताया कि मां गंगा भारतीय संस्कृति, सभ्यता और आध्यात्मिक परंपरा की आधारशिला हैं। गंगा आरती केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि गंगा संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता का अभियान भी है। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं गंगा संवर्धन से जुड़े संदेशों का भी प्रसार किया जाएगा।
उन्होंने जनपदवासियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर मां गंगा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करें और गंगा संरक्षण के संकल्प को मजबूत बनाएं।
ज्येष्ठ पूर्णिमा की संध्या पर दीपों की अलौकिक छटा, वैदिक मंत्रोच्चार और भक्ति संगीत के बीच होने वाली गंगा आरती श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगी। जिला गंगा समिति ने सभी नागरिकों से कार्यक्रम को सफल बनाने में सहभागिता का आग्रह किया है।