वेनेज़ुएला में तबाही का डबल झटका: कुछ सेकंड के अंतराल पर आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के भूकंप, हजारों मौतों की आशंका

सशक्त न्यूज नेटवर्क
काराकास: दक्षिण अमेरिकी देश Venezuela बुधवार शाम भीषण भूकंपों की दोहरी मार से दहल उठा। राजधानी Caracas में कुछ ही सेकंड के अंतराल पर आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचा दी। कई इमारतें जमींदोज हो गईं, सड़कों पर मलबा बिखर गया और दहशत में लोग अपने घरों से निकलकर खुले मैदानों और सड़कों पर शरण लेने को मजबूर हो गए।

भूकंप स्थानीय समयानुसार शाम 6:04 बजे आया, उस समय देश में राष्ट्रीय अवकाश मनाया जा रहा था। छुट्टी होने के कारण बड़ी संख्या में लोग अपने घरों में मौजूद थे, जिससे जनहानि बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। गृह मंत्री Diosdado Cabello ने लोगों से तुरंत घर खाली करने और आफ्टरशॉक्स के खतरे को देखते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने प्रारंभिक आकलन में चेतावनी दी है कि इस आपदा में मृतकों की संख्या 10 हजार से अधिक हो सकती है। राहत एवं बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं, जबकि कई इलाकों में संचार और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धरती इतनी जोर से कांपी कि ऊंची इमारतें झूलने लगीं और देखते ही देखते कई भवन भरभराकर गिर पड़े। राजधानी के कई हिस्सों में धूल के गुबार छा गए। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।

फिलहाल नुकसान का पूरा आकलन नहीं हो सका है, लेकिन शुरुआती तस्वीरें और रिपोर्टें इस आपदा को वेनेज़ुएला के इतिहास के सबसे विनाशकारी भूकंपों में से एक बता रही हैं। �

More From Author

You May Also Like