पुरनिया में भीषण अग्निकांड, 15 की मौत; कई घायल, पूरे शहर में शोक

सशक्त न्यूज नेटवर्क
लखनऊ : राजधानी के अलीगंज क्षेत्र स्थित पुरनिया इलाके में सोमवार को हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया। हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं। मृतकों की उम्र 20 से 24 वर्ष के बीच बताई जा रही है। घटना में कुछ बच्चे भी घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इमारत में अचानक आग लगने के बाद कुछ ही मिनटों में पूरा भवन धुएं और आग की लपटों से घिर गया। आग की भयावहता देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते रहे। वहीं, इस दर्दनाक घटना से पूरे शहर में शोक का माहौल है और मृतकों के स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

More From Author

You May Also Like