Categories:
ब्रेकिंग न्यूज़
एक बारिश ने खोल दी सीएम ग्रिड की पोल, सड़क धंसी तो गड्ढों में समाईं 12 कारें
सशक्त न्यूज नेटवर्क
आगरा। मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी सीएम ग्रिड योजना की हकीकत पहली ही तेज बारिश में सामने आ गई। बसई मंडी से इंद्रापुरम और इंद्रापुरम से अमर होटल तक निर्माणाधीन सड़कें ऐसी धंसीं कि देखते ही देखते 12 कारें और वैन गहरे गड्ढों में फंसकर पलट गईं। कहीं सड़क तीन फीट तो कहीं चार फीट तक बैठ गई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
सोमवार रात हुई बारिश के बाद सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं। उफनाए नालों का पानी सड़क पर भर गया और निर्माणाधीन हिस्सों की मिट्टी बह गई। पानी उतरने पर सड़क के नीचे बने बड़े-बड़े गड्ढे सामने आए, जिनमें एक-एक कर वाहन फंसते चले गए। कई वाहन पलट गए और उनमें सवार लोग घायल हो गए।
स्थानीय लोगों के मुताबिक सुबह जब लोग काम पर निकल रहे थे, तब सड़क के नीचे की जमीन धंसने लगी। कुछ ही देर में कई वाहन गड्ढों में जा गिरे। फंसे वाहनों को निकालने के लिए शाम तक हाइड्रा मशीन बुलानी पड़ी।
नगर निगम द्वारा सीएम ग्रिड योजना के तहत बसई रोड से इंद्रापुरम रोड तक करीब 10 फीट गहराई में यूटिलिटी डक्ट, सीवर और पेयजल लाइनें बिछाई गई हैं। इसके बाद ऊपर मिट्टी और गिट्टी डालकर सड़क तैयार की जा रही थी। पार्षद दीपक वर्मा का कहना है कि बारिश के कारण पूरा इलाका जलमग्न हो गया और निर्माणाधीन सड़क की परतें बह गईं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जिस सड़क को वर्षों तक टिकाऊ बनाने का दावा किया गया था, वह पहली ही बारिश की परीक्षा में फेल हो गई। अब लोग पूछ रहे हैं कि अगर एक बारिश में यह हाल है तो बरसात का पूरा मौसम कैसे कटेगा?