रोटी मांगने पर भड़का पति, पत्नी और मासूम बेटे को पीटा

सशक्त न्यूज नेटवर्क
लालगंज (रायबरेली)। घरेलू विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया जब रोटी मांगने पर नशे में धुत पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने आए पांच वर्षीय मासूम बेटे को भी उसने नहीं बख्शा। मारपीट में महिला की आंख में गंभीर चोट आई, जिससे वह लहूलुहान हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है।

मामला लालगंज कोतवाली क्षेत्र के अंबारा पश्चिम गांव का है। आरोप है कि नशे के आदी पति ने घर में भोजन को लेकर हुए विवाद के दौरान अपना आपा खो दिया और पत्नी पर हमला बोल दिया। महिला ने जब विरोध किया तो उसने लात-घूंसों और डंडे से उसकी पिटाई कर दी। मां को बचाने के लिए आगे आए पांच वर्षीय बेटे को भी आरोपी ने पीट दिया, जिससे वह सहम गया।

घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने आंख में गंभीर चोट होने के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पीड़िता ने लालगंज कोतवाली में तहरीर देकर पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में लोगों के बीच आरोपी के व्यवहार को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

More From Author

You May Also Like